नशे के सौदागरों पर बांकुड़ा पुलिस का कहर
बांकुड़ा(तारकेश्वर राय ): कहते हैं 'बोया पेड़ बबूल का तो आम कहाँ से होय' - जो समाज में नशे का ज़हर बोएगा, उसे कानून के हाथों हथकड़ी ही मिलेगी। इसी कहावत को सच कर दिखाया है बांकुड़ा जिला पुलिस ने।जिले को नशा-मुक्त बनाने के लिए बांकुड़ा जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ आर-पार की जंग छेड़ दी है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री विजी सतीश पसुमर्ती, IPS के निर्देशानुसार पूरे बांकुड़ा जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।इसी कड़ी में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूत्र से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर ओंदा थाने की पुलिस ने बीती रात बालीगुमा रोड इलाके में विशेष नाका चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली, तो पुलिस की भी आँखें खुली रह गईं।आरोपी के पास से कुल 6.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ की बाजार में लाखों रुपये कीमत बताई जा रही है। पुलिस ने तत्काल NDPS एक्ट के तहत मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर लिया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ ओंदा थाने में NDPS एक्ट के तहत विशिष्ट मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह गांजा कहाँ से लाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा रैकेट तो सक्रिय नहीं है।एसपी के दिशा निर्देशों में जिले भर में चल रहे इस अभियान से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है - बांकुड़ा में नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?