HLG इंस्टीट्यूट की नई पहल आर्थिक रूप से कमजोर 40 छात्राओं की नर्सिंग पढ़ाई को स्पॉन्सर करेगा हॉस्पिटल
आसनसोल: आधुनिक नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के विशेष अवसर पर मंगलवार को एचएलजी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग (HLG Institute of Nursing) परिसर में प्रथम वर्ष की छात्राओं के लिए एक गरिमामयी दीप प्रज्वलन और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सीएमएचओ (CMHO) मोहम्मद यूनुस और एचएलजी के निदेशक अभिषेक गुप्ता द्वारा फ्लोरेंस नाइटिंगेल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. इसके बाद नव-प्रवेशित छात्राओं ने मानव सेवा और अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठा की शपथ ली.

इस मौके पर संस्थान के निदेशक अभिषेक गुप्ता ने एक बड़ी और सराहनीय योजना की घोषणा करते हुए बताया कि आर्थिक तंगी के कारण जो छात्राएं निजी संस्थानों में नर्सिंग का खर्च उठाने में असमर्थ हैं, उनकी मदद के लिए एचएलजी हॉस्पिटल ने एक खास पहल शुरू की है. इसके तहत इस बार ऐसी 40 छात्राओं की पढ़ाई का पूरा खर्च (स्पॉन्सरशिप) हॉस्पिटल प्रशासन उठाएगा, और आने वाले समय में इस संख्या को और अधिक बढ़ाया जा सकता है.

निदेशक ने आगे कहा कि आज यह संस्थान आसनसोल और आस-पास के क्षेत्रों की बेटियों के लिए नर्सिंग करियर का सबसे विश्वसनीय केंद्र बन चुका है, जहां बेस्ट क्वालिटी ट्रेनिंग के साथ-साथ शानदार प्लेसमेंट भी दिया जाता है. चूंकि यह इंस्टीट्यूट इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से मान्यता प्राप्त है, इसलिए यहाँ से प्रशिक्षण पाने वाली छात्राओं के लिए देश ही नहीं,बल्कि पूरी दुनिया में सरकारी और निजी क्षेत्रों में नौकरी के वैश्विक रास्ते खुले हुए हैं.

Click Here to Visit
What's Your Reaction?