कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन

कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन

* हिंदी दिवस पर बनी विशेष फ़िल्म की प्रस्तुति की गयी 

* महाप्रबंधक की मुख्य उपस्थिति में हुआ समारोह

जमुड़िया(अमन राय) : ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में चल रहे हिंदी माह के तहत आज (14/09/2023 को) हिंदी दिवस के उपलक्ष्य पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा के मुख्य आतिथ्य में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में महाप्रबंधक ने उपस्थित सभी को 'राजभाषा प्रतिज्ञा' दिलवायी। तत्पश्चात माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह तथा माननीय कोयला मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी की ओर से प्रेषित हिंदी दिवस संबंधी शुभकामना संदेशों का पाठ क्रमशः श्री सत्यकान्त मिश्रा व श्रीमती हर्षणा लाल ने किया। इस अवसर पर हिंदी की वर्तमान स्थिति व संभावनाओं पर केंद्रित फ़िल्म की प्रस्तुति भी सभी के समक्ष की गयी जो काफ़ी ज्ञानवर्धक और आकर्षक रहा। साथ ही, हिंदी माह के दौरान आयोजित हिंदी संबंधी सभी प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि माननीय महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार सिन्हा ने सभी को हिंदी दिवस की शुभेच्छा देते हुए कहा कि हिंदी की प्रगति निरंतर क्रियाशील है और हमें इस प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी की चेतना को हमें स्वयं की चेतना के साथ साकार करते हुए हिंदी की विकास यात्रा को गति देनी होगी और यह हमारा राष्ट्रीय और नैतिक दायित्व है। वहीं, विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक श्री राजेश त्रिवेदी ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदी आज वैश्व्कि परिप्रेक्ष्य में अपनी धाक जमा चुकी है और अब वह दिन दूर नहीं जब हिंदी को विश्व भाषा का दर्ज़ा मिलेगा। समारोह में सभी इकाई नोडल अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0