डीवीसी डीएसटीपीएस में राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह अभियान 2026 का सफल शुभारंभ

अंडाल, 26 जून 2026: दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के दुर्गापुर स्टील ताप विद्युत स्टेशन (DSTPS), अंडाल में राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह अभियान–2026 का शुभारंभ आज प्रशासनिक भवन के समक्ष आयोजित विद्युत सुरक्षा बैज पिनिंग समारोह एवं सुरक्षा एवं स्वास्थ्य शपथ ग्रहण कार्यक्रम के साथ सफलतापूर्वक किया गया। 26 जून से 2 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले इस सप्ताहव्यापी अभियान का उद्देश्य विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संभावित खतरों की पहचान एवं रोकथाम सुनिश्चित करना तथा संयंत्र में सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाना है।

डीएसटीपीएस के सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (CGM & HOP) श्री अनिल कुमार जैन, वरिष्ठ महाप्रबंधक (O&M) श्री सुखदेव खान, महाप्रबंधक (AMS) श्री राजेश लायक, उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) श्री संदीप कर्मकार, उप महाप्रबंधक (विद्युत), उप महाप्रबंधक (सी एंड आई) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में लगभग 75 वरिष्ठ अधिकारी, डीवीसी कर्मचारी एवं विभिन्न एजेंसियों के संविदा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अधिकारियों द्वारा डीवीसी कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को विद्युत सुरक्षा बैज पहनाकर किया गया। इसके पश्चात मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख श्री अनिल कुमार जैन, वरिष्ठ महाप्रबंधक (O&M) श्री सुखदेव खान तथा महाप्रबंधक (AMS) श्री राजेश लायक ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों को हिन्दी, बांग्ला एवं अंग्रेज़ी में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षित कार्य पद्धतियों का पालन करने तथा शून्य दुर्घटना (Zero Accident) के लक्ष्य को प्राप्त करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर डीएसटीपीएस के संशोधित ऑन-साइट डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान का औपचारिक विमोचन मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख श्री अनिल कुमार जैन द्वारा किया गया। साथ ही विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 'सचेत (SACHET) – हैंडबुक फॉर इलेक्ट्रिकल सेफ्टी', इलेक्ट्रिकल सेफ्टी हैंडबुक फॉर स्टूडेंट्स, 'सुरक्षा शक्ति', सेफ्टी पॉकेट हैंडबुक, तथा भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय एवं केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) द्वारा प्रकाशित लाइटनिंग सेफ्टी एडवाइजरी वीडियो एवं सेफ्टी मैस्कॉट वीडियो सहित विभिन्न सुरक्षा जागरूकता सामग्री का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त संयंत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर प्रदर्शित किए जाने हेतु इलेक्ट्रिक शॉक ट्रीटमेंट चार्ट वितरित किए गए तथा कर्मचारियों की सहभागिता एवं नवाचारपूर्ण सुझावों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सेफ्टी सजेशन बॉक्स का भी शुभारंभ किया गया।
अपने संबोधन में श्री अनिल कुमार जैन ने कहा कि सुरक्षा किसी भी औद्योगिक प्रतिष्ठान की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विद्युत सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की कार्य संस्कृति और व्यक्तिगत जिम्मेदारी का अभिन्न अंग है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों से सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए प्रत्येक कार्य को "Safety First" की भावना के साथ करने का आह्वान किया। श्री सुखदेव खान ने कहा कि सुरक्षित कार्य प्रणाली ही निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत उत्पादन का आधार है, जबकि श्री राजेश लायक ने विद्युत उपकरणों के सुरक्षित संचालन, नियमित निरीक्षण एवं समयबद्ध रखरखाव पर विशेष बल दिया। श्री संदीप कर्मकार ने सप्ताह भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 27 जून को सीआईएसएफ (फायर) द्वारा विद्युत अग्निशमन प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक प्रदर्शन तथा सुरक्षा समिति की बैठक, 29 जून को नेशनल सेफ्टी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा विद्युत सुरक्षा पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम, 30 जून को संविदा कर्मचारियों के लिए क्विज प्रतियोगिता, 1 जुलाई को इवैक्यूएशन मॉक ड्रिल एवं डीवीसी कर्मचारियों के लिए क्विज प्रतियोगिता तथा 2 जुलाई को केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) एवं विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार की एडवाइजरी पर प्रशिक्षण कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे।
इस सफल शुभारंभ के साथ डीवीसी-डीएसटीपीएस ने पुनः यह संकल्प दोहराया कि संयंत्र में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता, जोखिमों की रोकथाम और उत्कृष्ट सुरक्षा संस्कृति को निरंतर सुदृढ़ किया जाएगा। अभियान का मूल संदेश सभी प्रतिभागियों तक प्रभावी रूप से पहुँचाया गया—
"सुरक्षित कार्य करें, सुरक्षित घर लौटें।"
"Work Safely, Return Home Safely."
Click Here to Visit
What's Your Reaction?