डीएसटीपीएस डीवीसी में अधिकारी वर्ग हेतु विशेष राजभाषा कार्यशाला

डीएसटीपीएस डीवीसी में अधिकारी वर्ग हेतु विशेष राजभाषा कार्यशाला

अंडाल(अमन राय) : दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केन्द्र, डीवीसी,अंडाल में 02 फरवरी, 2024 को एक दिवसीय राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विशेष रूप से वरिष्ठ अधिकारी वर्ग हेतु आयोजित की गयी थी जिसमें 40 (चालीस) प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यशाला की शुरुआत श्री सुधीर कुमार झा, मुख्य महाप्रबंधक व परियोजना प्रधान द्वारा मंगल दीप प्रज्ज्वलित कर की गयी। इस अवसर पर परियोजना के श्री एस.के. व्यास, महाप्रबंधक (ओ व एम), श्री एस. खाँ, महाप्रबंधक (एफजीडी) एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में संकाय सदस्य बतौर श्री नवीन कुमार प्रजापति, पूर्व वरिष्ठ सलाहकार एवं केन्द्र प्रभारी, केन्द्रीय अनुवाद ब्यूरो (कोलकाता), राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार उपस्थित थे। सर्वप्रथम परियोजना प्रधान श्री झा ने कार्यक्रम की रूपरेखा और राजभाषा के बढ़ते प्रभाव एवं सरकारी कर्मचारियों की महती भूमिका पर विधिवत रूप से प्रकाश डाला और सभी को अपने कार्यालयीन कामकाज में राजभाषा हिंदी के महत्त्व को मूर्त्त रूप प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। महाप्रबंधक श्री व्यास तथा श्री खाँ ने भी उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। उप महाप्रबंधक (मा.सं.) ने स्वागत भाषण दिया तथा हिंदी अधिकारी श्री इस्माईल मियाँ ने छोटी-छोटी काव्य पंक्तियों के माध्यम प्रभावी ढंग से कार्यक्रम संचालित किया। कार्यशाला के प्रथम सत्र के दौरान ‘‘संसदीय राजभाषा समिति की भूमिका एवं निरीक्षण प्रश्नावली का महत्त्व’’ विषयांतर्गत श्री प्रजापति ने विस्तृत रूप से चर्चा की तथा दूसरे सत्र में संसदीय राजभाषा समिति की प्रश्नावली को भरने संबंधी अभ्यास भी कराया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों में एक जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस परियोजना में राजभाषा के प्रचार-प्रसार के लिए एक शुभ संकेत परिलक्षित हुआ। अंत में, उप महाप्रबंधक (यां.) श्री शिवानन्द सिंह के धन्यवाद ज्ञापन से कार्यक्रम समाप्त घोषित हुआ।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0