विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर डीएसटीपीएस डीवीसी में हरित जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर डीएसटीपीएस डीवीसी में हरित जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन

अंडाल :  दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) के दुर्गापुर स्टील ताप विद्युत स्टेशन (डीएसटीपीएस), अंडाल में आज विश्व पर्यावरण दिवस 2026 का उत्साहपूर्वक एवं सार्थक आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की वैश्विक थीम "Inspired by Nature for Climate" तथा अभियान "#NowForClimate" के अनुरूप डीएसटीपीएस द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे ग्रीन मार्च (वॉकाथॉन) के साथ हुआ, जिसका नेतृत्व डीएसटीपीएस के मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (CGM & HOP) श्री अनिल कुमार जैन ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ महाप्रबंधक (ओ एंड एम) श्री सुखदेव खान, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) श्री एस. आर. पांडा तथा महाप्रबंधक (एएमएस) श्री राजेश लायक सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासनिक भवन से तकनीकी भवन तक आयोजित इस हरित मार्च में डीवीसी के कर्मचारियों, सीआईएसएफ कर्मियों, संविदा श्रमिकों तथा बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संदेश से युक्त बैनर एवं तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया।मार्च के दौरान पूरे परिसर में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरणादायक नारों की गूंज सुनाई दी, जिनमें प्रमुख थे—

"पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ।"

"स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन।"

"हरियाली का रखो ध्यान, तभी बनेगा देश महान।"

ग्रीन मार्च के उपरांत प्रातः 10:00 बजे ऐश रिकवरी पंप हाउस क्षेत्र के निकट एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों तथा महिला प्रतिभागियों ने मिलकर लगभग 100 फलदार पौधों का रोपण किया। यह पहल न केवल डीएसटीपीएस परिसर में हरित आवरण को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने का भी एक सार्थक प्रयास है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री अनिल कुमार जैन ने कहा कि—"पर्यावरण संरक्षण अब केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि मानवता के सतत अस्तित्व के लिए अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। हम सभी को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण को एक जिम्मेदारी और आदत के रूप में अपनाना होगा।"उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं नागरिकों से प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण करने, स्वच्छता बनाए रखने, अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा नियमित रूप से वृक्षारोपण गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, हरित विकास तथा सतत जीवनशैली को अपनाने की सामूहिक शपथ भी ली। सभी ने यह संकल्प व्यक्त किया कि वे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।विश्व पर्यावरण दिवस 2026 का यह आयोजन डीएसटीपीएस, डीवीसी की उस सतत प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करता है जिसके अंतर्गत विद्युत उत्पादन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं सामुदायिक कल्याण को समान महत्व दिया जाता है।डीएसटीपीएस, डीवीसी — ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0