साइबर प्रहार के तहत कई घरों में एक साथ रेड
आसनसोल(तारकेश्वर राय ):साइबर ठगी कर लोगों की मेहनत की कमाई लूटने वालों के दिन अब लद गए हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस ने साइबर अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए राज्यव्यापी अभियान "साइबर प्रहार" शुरू किया है और इसी अभियान के तहत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर टीम लगातार साइबर अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में सोमवार सुबह कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर के हरिजन पाड़ा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर साइबर नेटवर्क की कमर तोड़ दी।पुलिस सूत्रों के अनुसार "साइबर प्रहार" अभियान के तहत मिली एक पुख्ता खुफिया जानकारी के बाद यह मेगा ऑपरेशन चलाया गया। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल साइबर क्राइम टीमों ने कुल्टी थाना पुलिस के साथ मिलकर पूरे इलाके को घेर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर आरएएफ और कॉम्बैट फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया था, जिससे सुबह-सुबह पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया और साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया।अभियान के तहत पुलिस की कई टीमों ने हरिजन पाड़ा के कई घरों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इन डिजिटल उपकरणों को इस पूरे नेटवर्क की सबसे बड़ी कड़ी माना जा रहा है। चर्चा है कि कुछ बंद पड़े मकानों के ताले तोड़कर भी तलाशी ली गई, हालांकि पुलिस ने अभी इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।इस सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। "साइबर प्रहार" टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनका इस नेटवर्क में क्या रोल था और जब्त उपकरणों का इस्तेमाल किस-किस तरह की ठगी में किया जाता था।जब्त मोबाइल, लैपटॉप से मिले डेटा, चैट हिस्ट्री, कॉन्टैक्ट्स और बैंक लेन-देन की फोरेंसिक जांच के बाद ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होगा। इसके साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, जांच जारी है।कुल्टी की यह कार्रवाई यह साबित करती है कि "साइबर प्रहार" सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि साइबर अपराधियों के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की आर-पार की लड़ाई है। जिस मुस्तैदी से पुलिस लगातार जाल बिछा रही है, उससे साफ है कि अब साइबर ठगों का इस अंचल में बचना मुश्किल है। पूछताछ और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?