आईएसपी के ठेका श्रमिक अब होंगे सशक्त

आसनसोल(अमन राय): आईएसपी, बर्नपुर ने 9 जून, को भारतीय लौह एवं इस्पात क्षेत्र कौशल परिषद (आईआईएसएससी) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के बाद 16 जून को फिटर ट्रेड के 25 अनुबंधित कर्मियों के पहले बैच के लिए "सशक्त" के बैनर तले रिकग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग (आरपीएल) प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की । इसका उद्देश्य सीएसआर पहल के तहत संयंत्र के परिधीय क्षेत्रों में रहने वाले कॉंट्रैट वर्कर्स को सशक्त और मजबूत बनाना है।ज्ञात हो कि आईएसपी, बर्नपुर ने भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत स्किल इंडिया की आरपीएल योजना के कार्यान्वयन के लिए 2 साल की अवधि के लिए आईआईएसएसएससी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वाला सेल का पहला संयंत्र है। फिटर, रिगर, इलेक्ट्रीशियन, रिफ्रैक्टरी ब्रिक्स लेयर और कन्वेयर रखरखाव और संचालन के क्षेत्र में यह प्रशिक्षण दिया जायेगा। आईएसपी ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए कम से कम 500 अनुबंध श्रमिकों को प्रमाणित करने का लक्ष्य रखा है। 16 जून को शुरू हुए 2 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुरक्षा पहलू, हाउसकीपिंग, डोमेन स्किल, जिम्मेदारी, सॉफ्ट स्किल पर 12 घंटे का क्लासरूम प्रशिक्षण और 4 घंटे का मूल्यांकन शामिल है। प्रतिभागियों को 500 रुपये के एक बार के वित्तीय प्रोत्साहन और कौशल भारत प्रमाणपत्र के वितरण के साथ-साथ हिंदी और अंग्रेजी भाषा में उनके ट्रेड का संदर्भ मैनुअल प्रदान किया जायेगा। निदेशक प्रभारी (बर्नपुर और दुर्गापुर स्टील प्लांट), बी पी सिंह ने बताया कि संयंत्र में काम करने के लिए सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल के बारे में जागरूक करने के लिए ठेका श्रमिकों का औपचारिक प्रशिक्षण अति आवश्यक है और इससे उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?