डीएसटीपीएस में हर्षोल्लास से मनाया गया डीवीसी का 79वाँ स्थापना दिवस रन फॉर डीवीसी से गूंजा आंडाल

डीएसटीपीएस में हर्षोल्लास से मनाया गया डीवीसी का 79वाँ स्थापना दिवस रन फॉर डीवीसी से गूंजा आंडाल

आंडाल(तारकेश्वर राय ): दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) ने राष्ट्र निर्माण में अपनी सात दशकों से अधिक की गौरवशाली यात्रा को आगे बढ़ाते हुए आज अपना 79वाँ स्थापना दिवस अत्यंत उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाया। दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन (डीएसटीपीएस) परिसर में आयोजित इस समारोह में राष्ट्र समर्पण और सामुदायिक विकास का संकल्प मुख्य आकर्षण रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (एचओपी) श्री अनिल कुमार जैन द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। अपने संबोधन में श्री जैन ने डीवीसी के बहुआयामी योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में डीएसटीपीएस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीवीसी की सभी इकाइयों में 'सर्वश्रेष्ठ विद्युत उत्पादन' के लिए द्वितीय, 'सीएसआर प्रदर्शन' में प्रथम तथा 'सुरक्षा मानकों' में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है।स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 'रन फॉर डीवीसी' में 150 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों और सीआईएसएफ जवानों ने पूरी ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया। प्रशासनिक भवन से प्लांट मुख्य द्वार तक निकाली गई इस दौड़ के दौरान "डीवीसी अमर रहे" के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। इस दौड़ का उद्देश्य न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था, बल्कि टीम भावना और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का संदेश देना भी था।इस अवसर पर सेवा के कई अनूठे उदाहरण भी देखने को मिले एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत परिसर में पौधारोपण किया गया।साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया।तो वही 330 स्थायी कर्मचारियों को विशेष टी-शर्ट और लगभग 1,500 ठेका श्रमिकों को स्मृति चिह्न के रूप में दीवार घड़ियाँ भेंट की गईं।इसके अलवा पूरे प्लांट में कर्मचारियों के बीच मिठाइयाँ वितरित की गईं।डीजीएम (एचआर) श्री श्रीकांत गेडाला के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में एचआर और सीएसआर टीम का सराहनीय योगदान रहा। प्रबंधन ने घोषणा की है कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पूरे जुलाई माह तक रक्तदान शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फुटबॉल प्रतियोगिता और विभिन्न सीएसआर गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी।डीवीसी का 79वाँ स्थापना दिवस महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि डीएसटीपीएस परिवार के लिए अपनी कार्यसंस्कृति, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व को और अधिक मजबूती से निभाने का संकल्प था। बिजली उत्पादन से लेकर सामुदायिक विकास तक, डीवीसी एक बार फिर राष्ट्र सेवा के पथ पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तत्पर है।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0