दुर्गापुर कांवरिया सेवा समिति ने कसी कमर नि शुल्क सेवा शिविर की भव्य तैयारी
दुर्गापुर(तारकेश्वर राय ):देवों के देव महादेव के जयकारों के साथ सावन का पावन महीना शुरू हो चुका है। बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर कदम बढ़ाते कांवरियों की सेवा और उनके कष्टों को कम करने के उद्देश्य से 'दुर्गापुर कांवरिया सेवा समिति (ट्रस्ट)' इस वर्ष भी देवघर में सेवा का महायज्ञ आयोजित करने जा रही है। समिति ने कांवरियों की सुविधा के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह भव्य सेवा शिविर देवघर के पटनिया स्थित पटनिया धर्मशाला के समीप लगाया जाएगा। बाबा के भक्तों के लिए यह शिविर किसी वरदान से कम नहीं होगा, जहाँ थकान मिटाने और ऊर्जा संचित करने के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।सेवा ही धर्म है" के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए समिति ने शिविर में व्यापक प्रबंध किए हैं। यहाँ कांवरियों को पूर्णतः नि:शुल्क सेवाएँ प्रदान की जाएंगी उन्हें ठंडा पानी, शरबत और डाब (नारियल) पानी,ताजी चाय और फल-फ्रूट,थकान और स्वास्थ्य के लिए गर्म पानी की व्यवस्था रहेगी।दुर्गापुर के राम कृष्ण पल्ली मेन गेट स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में सेवा कार्य की विस्तृत रूपरेखा सर्वसम्मति से तैयार की गई। समिति के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ कहा कि, "कांवरिया की सेवा ही साक्षात शिव की सेवा है।" हर वर्ष की भांति, इस बार भी हजारों कांवरियों को राहत पहुँचाने के संकल्प के साथ समिति के सदस्य देवघर के लिए प्रस्थान करेंगे।दुर्गापुर कांवरिया सेवा समिति की यह पहल न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि यह निस्वार्थ सेवा और मानवीय संवेदना का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी है। तपती धूप और कठिन मार्ग पर चलते हुए कांवरियों के लिए यह शिविर एक विश्राम स्थल के साथ-साथ उनके मनोबल को बढ़ाने वाला 'शक्ति केंद्र' सिद्ध होगा। पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ किया जा रहा यह सेवा कार्य निश्चित रूप से शिव भक्तों के सफर को सुगम और अविस्मरणीय बना देगा।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?