सीएसआर के तहत डीवीसी डीएसटीपीएस ने लगाया निशुल्क नेत्र जाँच व मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर 135 मरीज चयनित

*इलाके की स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में डीवीसी की सराहनीय पहल – तापस बनर्जी*

डीवीसी, दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन (डीएसटीपीएस), अंडाल द्वारा अपने नैगमिक सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को अंडाल के दिग्नाला प्राइमरी स्कूल परिसर में निःशुल्क नेत्र जाँच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर नेताजी आई हॉस्पिटल, मुरारडीह (रामचंदरपुर), पुरुलिया के सहयोग से, मेडिकल विभाग डीएसटीपीएस, अग्रणी सामाजिक संस्था एमिस एवं अंडाल ग्राम पंचायत के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस शिविर में कुल 215 लोगों की निःशुल्क नेत्र जाँच की गई, जिसमें नेताजी आई हॉस्पिटल के डॉक्टरों एवं फार्मासिस्टों की विशेषज्ञ टीम द्वारा 135 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान की गई। सभी चयनित मरीजों के लिए निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं चश्मा प्रदान करने की व्यवस्था की गई है।
पहले चरण में 100 चयनित मरीजों को आज ही नेताजी आई हॉस्पिटल भेजा गया, जहाँ उनकी सर्जरी 29 एवं 30 जनवरी 2026 को की जाएगी। सफल ऑपरेशन एवं आवश्यक पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल के उपरांत इन मरीजों को 30 जनवरी 2026 को उनके घर सुरक्षित वापस भेजा जाएगा। शेष 35 मरीजों को 30 जनवरी 2026 को अस्पताल भेजा जाएगा, जिनकी सर्जरी 1 फरवरी 2026 को निर्धारित है।

शिविर का उद्घाटन माननीय विधायक रानीगंज श्री तापस बनर्जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने डीवीसी द्वारा क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर अत्यंत आवश्यक हैं और डीवीसी इस दिशा में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहा है।
डीएसटीपीएस के महाप्रबंधक श्री राजेश लायक ने कहा कि “नेत्र शरीर का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है और इसकी समय रहते उचित देखभाल आवश्यक है। डीवीसी डीएसटीपीएस पिछले 14 वर्षों से परियोजना क्षेत्र के आसपास के 54 गाँवों में सीएसआर के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बुनियादी ढाँचे के विकास हेतु निरंतर कार्य कर रहा है, जिससे लोगों का सामाजिक-आर्थिक विकास सुनिश्चित हो सके।”

कार्यक्रम में उपमहाप्रबंधक (एचआर) श्री श्रीकांथ गेडाला, उपमहाप्रबंधक (स्वास्थ्य सेवा) श्री किशन मंडल, अंडाल ग्राम पंचायत प्रधान श्रीमती सरस्वती बाउरी, अंडाल पूर्व पंचायत प्रधान श्री सुधीन पांडे अंडाल ग्राम पंचायत पूर्व प्रधान श्री चिरंजीब रॉय , श्रीमती मिनाति हाज़रा एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस शिविर को सफल बनाने में प्रबंधक (सीएसआर) श्री मोहम्मद शमीम अहमद, चिरंजीब रॉय, माधव रॉय, रजत कांती खाटुआ, सब्यसाची महता, प्रदीप दत्तो, मृणाल कांती फरफरिया तथा एमिस संस्था की श्री संजय चपल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
डीवीसी डीएसटीपीएस द्वारा आयोजित यह शिविर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?