डीवीसी डीएसटीपीएस में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न
“राजभाषा हिंदी काम को सरल और संप्रेषण को प्रभावी बनाती है।"- श्री अनिल कुमार जैन, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान
अंडाल – दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र (डीएसटीपीएस), अंडाल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन को गति देने के उद्देश्य से, 'राजभाषा कार्यान्वयन उप समिति' की 16वीं तिमाही बैठक 26 जून, 2026 को दिव्यज्योति भवन के सम्मेलन कक्ष में संपन्न हुई। बैठक का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान श्री अनिल कुमार जैन की अध्यक्षता में किया गया। बैठक की शुरुआत हिंदी अधिकारी श्री इस्माईल मियाँ द्वारा सदस्यों के स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद अध्यक्ष की अनुमति से निर्धारित कार्यसूची के अनुसार चर्चा शुरू की गई।

परियोजना प्रधान एवं समिति के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार जैन ने अपने संबोधन में कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के सहज प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि, "हिंदी काम को सरल और संप्रेषण को प्रभावी बनाती है।" उन्होंने कार्यालयीन कार्यों, पत्राचार एवं ई-ऑफिस प्रणाली में हिंदी के बढ़ते उपयोग की सराहना की तथा आधुनिक हिंदी सॉफ्टवेयर, वॉइस-टू-टेक्स्ट, 'भारती बहुभाषी अनुवाद सारथी' एवं 'हिंदी शब्द सिंधु' जैसे डिजिटल साधनों आदि नवीनतम तकनीक के उपयोग पर बल दिया। वरिष्ठ महाप्रबंधक श्री सुकदेव खाँ ने एमआईएस एवं त्रैमासिक प्रगति रिपोर्टों की समयबद्ध सुपुर्दगी पर बल देते हुए राजभाषा नोडल अधिकारियों की मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान, पिछली (15वीं) बैठक के कार्यवृत्त की संपुष्टि की गई और मार्च 2026 की तिमाही प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा हुई। समिति ने धारा 3(3) के अनुपालन, राजभाषा नियम-5, मूल पत्राचार और हिंदी टिप्पणियों में सुधार जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का जायजा लिया। वार्षिक कार्यक्रम तथा निर्धारित जाँच-बिंदुओं (2026-27) के अनुपालन पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई। परियोजना के विभिन्न अनुभागों में हुई हिंदी प्रगति की प्रस्तुति संबंधित अनुभागाध्यक्षों द्वारा की गई।

बैठक में वरिष्ठ महाप्रबंधक श्री सुकदेव खाँ, महाप्रबंधक श्री सत्य रंजन पांडा व श्री राजेश कुमार लायेक, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व समिति सदस्य तथा राजभाषा नोडल अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक के समापन पर हिंदी अधिकारी श्री इस्माईल मियाँ ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?