सालानपुर में होटल और अड्डों पर ताबड़तोड़ रेड
आसनसोल (तारकेश्वर राय ):आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार (IPS) के कुशल एवं सख्त नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रही विशेष मुहिम के तहत सालानपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब की बिक्री और जुए का अड्डा चलाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पहली कार्रवाई के तहत कल्याणेश्वरी फांड़ी की पुलिस ने केंदुआ-कल्याणेश्वरी रोड पर स्थित सैनी होटल और प्रिया होटल में औचक छापेमारी कर सैनी होटल के मालिक संजीव सूत्रधर और प्रिया होटल के कर्मचारी दिलीप मंडल को अवैध शराब बेचने के आरोप में दबोचा, जबकि रामडी मोड़ से मलय मंडल को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इन छापों के दौरान देसी, बीयर और विदेशी व्हिस्की समेत कुल 60 बोतल शराब जब्त की। वहीं दूसरी कार्रवाई में देंधुआ मोड़ स्थित महामाया होटल में फांड़ी प्रभारी पार्थ सरकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर पिछले सात दिनों से चल रहे 'राजा-रानी' जुए के बड़े अड्डे का पर्दाफाश किया और झारखंड के मूल निवासी एवं मुख्य आरोपी जितेंद्र चौधरी को 2,200 रुपये नकद, गेम बोर्ड, हिसाब-किताब की कॉपी और मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को सभी आरोपियों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार के दूरदर्शी और कड़े मार्गदर्शन में कमिश्नरेट पुलिस द्वारा की जा रही ऐसी मुस्तैद और त्वरित कार्रवाइयां यह साबित करती हैं कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिससे न केवल समाज में कानून का राज मजबूत हो रहा है बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी और अधिक सुदृढ़ हो रही है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?