दुर्गापुर के नन्हें बच्चों को हेलमेट पहनाकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

दुर्गापुर के नन्हें बच्चों को हेलमेट पहनाकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

दुर्गापुर(तारकेश्वर राय ):आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) के ईस्ट डिवीजन पुलिस ने सड़क सुरक्षा को जन-जन तक पहुँचाने और हादसों पर लगाम कसने के लिए एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल की है। गुरुवार को दुर्गापुर स्टील  टाउनशिप के ज़ूम स्कूल के समक्ष आयोजित एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर के दौरान पुलिस ने यह साबित कर दिया कि खाकी केवल कानून का पालन ही नहीं, बल्कि समाज को सुरक्षित भविष्य देने के लिए भी उतनी ही संवेदनशील है।कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार (IPS) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ डीसीपी ईस्ट रसप्रीत सिंह (IPS), डीसीपी ट्रैफिक जाधवर अभिनाश भीमराव (IPS) सहित तमाम एसीपी (ACP), विभिन्न थानों व फाड़ियों के प्रभारी और ट्रैफिक गार्ड के अधिकारी मौजूद रहे।
​कार्यक्रम का सबसे भावुक और मुख्य आकर्षण वह पल रहा जब पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने खुद आगे बढ़कर स्कूल के छोटे-छोटे मासूम बच्चों को अपने हाथों से विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए नन्हे हेलमेट पहनाए।बच्चों को हेलमेट पहनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा मासूम बच्चों को हेलमेट देने का मकसद केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा करना ही नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षा का 'ब्रांड एंबेसडर' बनाना है। जब ये बच्चे खुद हेलमेट पहनेंगे, तो वे घर जाकर अपने माता-पिता और अभिभावकों को भी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे।पुलिस प्रशासन के इस संवेदनशील और दूरदर्शी कदम की स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। सभी ने माना कि बच्चों के कोमल मन में बचपन से ही सुरक्षा के संस्कार डालने का यह तरीका समाज में एक बड़ा बदलाव लाएगा।सुरक्षा केवल एक नियम नहीं, बल्कि जीने का एक सलीका है।" ADPC के ईस्ट डिवीजन की यह पहल यह सिखाती है कि अगर बदलाव की शुरुआत बचपन से की जाए, तो समाज को दुर्घटनाओं के अभिशाप से मुक्त करना संभव है। जब बच्चे सड़क सुरक्षा के पहरेदार बनेंगे, तो यकीनन हर सफर सुरक्षित और हर घर खुशहाल होगा। पुलिस और जनता के बीच के इस अनूठे संवाद ने दुर्गापुर में एक मिसाल कायम की है।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
1
dislike
0
love
1
funny
0
angry
0
sad
0
wow
1