चुनाव से पहले सीमा पर बढ़ी सख्ती डुबुरडिही चेकपोस्ट पर भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार
कुल्टी : आगामी चुनावों के मद्देनजर पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा पर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को नेशनल हाईवे-19 पर स्थित डुबुरडिही चेकपोस्ट पर इंटर-स्टेट नाका चेकिंग के दौरान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई और इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है। शनिवार दोपहर को चौरांगी फांड़ी की पुलिस, आबकारी विभाग और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान संयुक्त रूप से वाहनों की सघन तलाशी ले रहे थे। इसी दौरान झारखंड की ओर से बराकर की तरफ आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। जब पुलिस ने बाइक की तलाशी ली, तो उसमें से विभिन्न नामी ब्रांडों की शराब की बोतलों की एक बड़ी खेप बरामद हुई।पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान मिथिलेश कुमार रवानी के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले के निरसा इलाके का निवासी है। पूछताछ के दौरान युवक शराब के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट पेश करने में विफल रहा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर एसएसटी (SST) मजिस्ट्रेट सहित प्रशासन के कई उच्चाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन का कहना है कि चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सीमावर्ती इलाकों में विशेष नजरदारी बरती जा रही है। अवैध तस्करी और असामाजिक तत्वों के प्रवेश को रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं पर दिन-रात चौकसी बरती जा रही है और सभी नाका पॉइंट्स पर सीसीटीवी कैमरों के साथ केंद्रीय बलों का कड़ा पहरा है। चुनाव से ठीक पहले मिली इस बड़ी कामयाबी ने सुरक्षा बलों के मनोबल को बढ़ाया है। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों का पता लगाया जा सके।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?