डीएसटीपीएस में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ

डीएसटीपीएस में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ

अंडाल : भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार दामोदर घाटी निगम के सभी संयंत्रों एवं प्रतिष्ठानों में 16 मई 2026 से 31 मई 2026 तक पखवाड़ा भर चलने वाला “स्वच्छता पखवाड़ा 2026” मनाया जा रहा है। इसी क्रम में डीवीसी दुर्गापुर स्टील ताप विद्युत स्टेशन, अंडाल द्वारा 16 मई 2026 को प्रशासनिक भवन में “स्वच्छता शपथ” के साथ स्वच्छता पखवाड़ा अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख श्री अनिल कुमार जैन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। 

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री अनिल कुमार जैन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर श्री एस. आर. पांडा, जीएम (मेंटेनेंस), श्री राजेश लायक, जीएम (एएमएस), श्री श्रीकांत गेडाला, डीजीएम (एचआर) तथा श्री ऋषिकेश कुमार, डीजीएम (सी एंड एम) उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने संबोधन में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी कर्मचारियों एवं हितधारकों से स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चलाए जा रहे राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। 

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों, स्वच्छता कर्मियों एवं सीआईएसएफ जवानों ने हिंदी एवं अंग्रेजी में स्वच्छता शपथ ग्रहण की तथा अपने घरों, कार्यस्थलों, गांवों एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रतिवर्ष कम से कम 100 घंटे स्वच्छता कार्यों हेतु समर्पित करने का संकल्प लिया। इस उद्घाटन समारोह में लगभग 100 डीवीसी कर्मचारी, श्रमिक एवं सीआईएसएफ कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही स्वच्छता संदेश से युक्त विशेष सेल्फी बूथ भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वच्छता को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

 स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के नोडल अधिकारी श्री शमीम अहमद एवं इस्माईल मियां ने उपस्थित प्रतिभागियों को पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संयंत्र परिसर, आवासीय कॉलोनियों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान, स्वच्छता अभियान, प्रतियोगिताएं, वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 

स्वीकृत कार्ययोजना के अनुसार 18 मई 2026 को प्लांट गेट से अंडाल मोड़ गांव क्षेत्र तक विद्यालयी छात्रों, ग्रामीणों, डीवीसी कर्मचारियों, श्रमिकों एवं सीआईएसएफ कर्मियों की सहभागिता से स्वच्छता रैली एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 21 मई 2026 को अंडाल मोड़ बस स्टॉप पर स्वच्छता लक्ष्य इकाई (CTU) का निरीक्षण एवं सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अंडाल ग्रीन टू ग्रीन सोसाइटी, ग्रामीणों एवं स्वच्छता कर्मियों का सहयोग रहेगा। 

22 मई 2026 को अंडाल स्कूल में किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पखवाड़े के दौरान प्रभात फेरी, चित्रकला, पोस्टर निर्माण, निबंध एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें विद्यालयी छात्र, डीवीसी कर्मियों के बच्चे एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भाग लेंगे। 25 मई 2026 को संयंत्र एवं कॉलोनी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, नालियों में ब्लीचिंग, खरपतवार सफाई एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही अंडाल बाजार में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाते हुए ग्रामीणों के बीच कपड़े एवं जूट के थैलों का वितरण किया जाएगा।

स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का समापन 1 जून 2026 को तकनीकी भवन में आयोजित स्वच्छता सेमिनार, पुरस्कार वितरण समारोह, “श्रेष्ठ स्वच्छता कर्मी पुरस्कार” तथा डीएसटीपीएस के 75 स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा। 

डीएसटीपीएस प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों, श्रमिकों, सीआईएसएफ कर्मियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर स्वच्छ, स्वस्थ एवं टिकाऊ समाज निर्माण में सहयोग करने की अपील की है। 

इस कार्यक्रम में श्री पार्थ मुखोपाध्याय , श्री संजीब बराट, बिनिता सरकार, श्री पत्रास हांसदा, श्री अनिर्बान पाल, श्री विवेक सिन्हा, हिंदी अधिकारी श्री इस्माइल मियां मोनालिसा नायक, पारिजात चक्रबर्ती , रूनु सरकार, सहित लगभग 100 अधिकारी, कर्मचारी, सीआईएसएफ कर्मी, संविदा श्रमिक, स्वच्छता कर्मी और वोकेशनल प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0