केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल दुर्गापुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल दुर्गापुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन

दुर्गापुर(अमन राय): दिनांक 08 मार्च को होली की सार्वजनिक छुट्टी के कारण , ग्रुप केन्द्र, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, दुर्गापुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आयोजन दिनांक 10 मार्च को आयोजित किया गया। इस क्रम में ग्रुप केन्द्र दुर्गापुर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं के उत्थान एवं उनमें आत्म चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से दिनांक 08 मार्च से 10 मार्च 2023 तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । इस दौरान आर0सी0डब्लू0ए0 एवं परिवार कल्याण केन्द्र, ग्रुप केन्द्र,दुर्गापुर द्वारा महिलाओं, युवतियों एवं बच्चियों के लिए विविध खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन सहित गीत एवं नृत्य प्रतियोगिता, चित्रकारी एवं पेंटिंग प्रतियोगिता, क्विज एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। ग्रुप केन्द्र की महिलाओं और छात्रों ने विविध एफ0एम0 चैनलों के समक्ष महिलाओं के समग्र विकास हेतु अपना वक्तव्य काफी जोश और बेबाकी से रखा। दिनांक 10 मार्च को चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया एवं ग्रुप केन्द्र के कमाण्डेंट श्री राम निवास सेखू ने स्थानीय विद्यालय में महिलाओं ,युवतियों एवं छात्राओं का परिवार,समाज एवं राष्ट्रहित में उनकी अहम भागीदारी को केन्द्र-बिन्दु में रखते हुए अपना प्रेरक भाषण दिया। उन्होंने कहा कि अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मै सबसे पहले उन सभी महिलाओं का अभिनंदन करते हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, त्याग और समर्पण से न सिर्फ खुद की प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपनी एक अलग पहचान बनाई, बल्कि भारत का मान पूरी दुनिया में बढ़ाया। इसके साथ ही अन्य कई महिलाओं के लिए प्रेरणा भी बनी। भारतीय संस्कृति में महिलाओं के महत्व को बताया गया है। यहां तक कि महिलाओं को देवी का रूप भी माना गया है। अतः हर किसी को नारी का सम्मान करना चाहिए, बड़े-बड़े शास्त्रों और पुराणों में महिलाओं की शक्ति और क्षमता का बखान किया गया है। वास्तव में महिलाओं के बिना इस दुनिया की कल्पना नहीं की जा सकती, एक महिला न सिर्फ वंश को आगे बढ़ाती है बल्कि परिवार, समाज और देश के विकास में भी अपनी अहम भूमिका निभाती है। इसलिए नारी का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है।वहीं आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के कंधा से कंधा मिलाकर चल रही हैं, आज दुनिया का कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है, जहां महिलाएं पुरुषों से पीछे हों, महिलाओं ने आज खुद को हर क्षेत्र में साबित किया है, वहीं पिछले कुछ सालों में महिलाओं की शिक्षा और उनके विकास पर भी काफी जोर दिया गया है।समय-समय पर हमारी सरकारें भी बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना समेत तमाम योजनाएं चलाती रहती हैं, जिससे महिलाओं की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर लोग जागरूक हो सके। वहीं हर साल 8 मार्च को मनाए जाने वाले अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आयोजित क्रायक्रमों के माध्यम से न सिर्फ महिलाओं की उपलब्धियों के लिए उन्हें सम्मानित किया जाता है बल्कि समाज के लोगों को महिलाओं के महत्व के बारे में भी समझाया जाता है। महिलाओं के अंदर आत्मनिर्भर बनने का भाव भी पैदा किया जाता है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं विकास कर सकें और आर्थिक रुप से मजबूत हो सकें।हालांकि महिलाओं की बुलंदियों और हौसलों का तो इतिहास भी गवाह है। भारत की महान स्वतंत्रता सेनानी रानी लक्ष्मी बाई, भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, भारत कोकिला सरोजनी नायडू, मदर टेरेसा, कल्पना चावला, पीटी ऊषा,और किरण बेदी जैसी महिलाओं ने पुरुष प्रधान समाज में न सिर्फ खुद को साबित किया बल्कि कठोर संघर्ष और कड़ी मेहनत के बल पर बड़े-बड़े कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज भारत की महामहिम राष्ट्रपति भी महिला ही हैं। इतिहास मे कीर्तिमान स्थापित करने वाली महिलाओं का आज हर कोई कायल है, इन्होंने न सिर्फ अपने महान कार्यों से महिलाओं के लिए मिसाल कायम की बल्कि कई महापुरुषों ने भी इनकी बहादुरी की सराहना की है।। इसके साथ ही इस महिला दिवस के मौके पर हम सभी को मिलकर महिलाओं का सम्मान करने का और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लेना चाहिए, तभी हमारे देश की बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस कर सकेगी और देश के विकास में अपना योगदान दे सकेंगी। कार्यक्रम में कावा की उपाध्यक्षा श्रीमती चन्द्रकांता सेखू, श्रीमती मोनालिसा सहित सभी सम्मानित महिलायें ,अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं बड़ी संख्या मे महिलायें एवं बच्चे उपस्थित थे । ग्रुप केन्द्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री देवव्रत भट्टाचार्य ने अपने संदेश में महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की है।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
3
dislike
0
love
3
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0