चुनावी हलचल के बीच आसनसोल में हथियारों का जखीरा पकड़ा गया युवक गिरफ्तार

चुनावी हलचल के बीच आसनसोल में हथियारों का जखीरा पकड़ा गया युवक गिरफ्तार

आसनसोल : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले आसनसोल में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आसनसोल नार्थ थाना क्षेत्र के गिरमट इलाके में की गई,जिससे चुनावी माहौल में हलचल मच गई है। पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश चौरसिया उर्फ राहुल के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को खबर मिली थी कि गिरमट क्षेत्र में एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की और आरोपी को हथियार सहित धर दबोचा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। चुनाव से पहले इस तरह की गिरफ्तारी को सुरक्षा व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रशासन नहीं चाहता कि चुनावी माहौल में किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि से शांति भंग हो। गिरफ्तारी के बाद बुधवार को आरोपी को आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड की मांग की है, ताकि आरोपी की मंशा और संभावित नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आसनसोल में हुई यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि चुनाव से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0