डीवीसी डीएसटीपीएस में विश्व हिंदी दिवस 2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन

अंडाल : दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन (डीएसटीपीएस), अंडाल में राजभाषा कार्यान्वयन उप-समिति के तत्वावधान में विश्व हिंदी दिवस–2026 का आयोजन विभिन्न तिथियों में श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रमों के माध्यम से अत्यंत गरिमा, उत्साह एवं प्रेरणादायी वातावरण में किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर हिंदी भाषा के प्रयोग को प्रोत्साहित करना, उसके प्रचार-प्रसार को सुदृढ़ करना तथा हिंदी की राष्ट्रीय और वैश्विक महत्ता को रेखांकित करना रहा। इस वर्ष विश्व हिंदी दिवस की विषय-वस्तु “हिंदी : पारंपरिक ज्ञान से कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक” निर्धारित की गई, जिसने भाषा और आधुनिक तकनीक के आपसी संबंध को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।विश्व हिंदी दिवस–2026 का मुख्य समारोह 10 जनवरी 2026 को दिव्यज्योति भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक श्री सत्य रंजन पांडा, श्री राजेश कुमार लायक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से मंगलदीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रधान श्री राम प्रवेश साह के संदेश का सस्वर पाठन उप महाप्रबंधक श्री ऋषिकेश कुमार द्वारा किया गया, जिसमें हिंदी को संपर्क, संवेदना और कार्यकुशलता की प्रभावी भाषा बताते हुए कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया गया।कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक श्रीमती संजुलता मोहन्ती ने हिंदी को संगठनात्मक एकता और प्रभावी संप्रेषण का सशक्त माध्यम बताया तथा युवा पीढ़ी को हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषाओं के संरक्षण-संवर्धन के लिए प्रेरित किया। हिंदी अधिकारी श्री इस्माईल मिया ने स्वागत भाषण एवं संचालन करते हुए विश्व हिंदी दिवस के ऐतिहासिक और वैश्विक महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में उप महाप्रबंधक श्री श्रीकांत गेडाला ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। आयोजन की सफलता में वरिष्ठ प्रबंधक मो. शमीम अहमद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।विश्व हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व-आयोजन गतिविधियों के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 08 जनवरी 2026 को दिव्यज्योति भवन स्थित प्रशिक्षण कक्ष में हिंदी (राजभाषा) प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य हिंदी भाषा, राजभाषा नियमों तथा सामान्य हिंदी ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इसके अतिरिक्त 07 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक राजभाषा हिंदी नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय “हिंदी : भारत की भाषा, विश्व की आवाज़” रहा। इस प्रतियोगिता ने हिंदी की सृजनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन प्रदान किया।विश्व हिंदी दिवस–2026 के आयोजनों की श्रृंखला का समापन 17 जनवरी 2026 को स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित राजभाषा संगोष्ठी-सह-विश्व हिंदी दिवस पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा, जिसमें “डिजिटल युग में हिंदी : राष्ट्रीय आधार, अंतरराष्ट्रीय विस्तार” विषय पर विचार-विमर्श एवं उत्कृष्ट राजभाषा कार्य हेतु सम्मान प्रदान किए जाएंगे। समग्र रूप से, ये सभी कार्यक्रम हिंदी के सशक्त प्रयोग और राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुए।समारोह में उप महाप्रबंधक श्री देब कांति गुप्ता भैया, श्री संदीप कर्मकार, श्री पुलकेश चट्टोपाध्याय, वरिष्ठ प्रबंधक श्री दिलीप कुमार, श्री रविंद्र कुमार रवि, श्री योगेश मिलन, श्री सुनील गोराई, श्री आशीष तरु चटर्जी, श्री जी. क्रांति कुमार, श्री नवीन निश्चल, श्रीमती बिनीता सरकार, श्री सुधीर कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं राजभाषा नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यस्थल पर हिंदी के सशक्त प्रयोग एवं प्रचार-प्रसार को समर्पित यह आयोजन प्रेरणादायी एवं सार्थक सिद्ध हुआ।

Click Here to Visit
What's Your Reaction?