डीवीसी डीएसटीपीएस में वेंडर मीट 2025 का आयोजन

डीवीसी डीएसटीपीएस में वेंडर मीट 2025 का आयोजन

“विक्रेता किसी भी संस्था की प्रगति के सशक्त स्तंभ होते हैं” — सुधीर कुमार व्यास
अंडाल : दामोदर घाटी निगम, दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र, अंडाल में दिनांक 30 अक्तूबर, 2025 को विक्रेता मिलन समारोह (वेंडर मीट-2025) का भव्य आयोजन किया गया। डीएसटीपीएस के संविदा एवं सामग्री विभाग द्वारा प्लांट स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित इस कार्यक्रम को मुख्य अतिथि वरिष्ठ महाप्रबंधक (ओ. एंड एम.) श्री सुधीर कुमार व्यास, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ महाप्रबंधक (ए.एम.एस.) श्री सुखदेव खाॅं तथा महाप्रबंधक (अनुरक्षण) श्री सत्य रंजन पांडा ने संबोधित किया और व्यावसायिक प्रथाओं में ईमानदारी एवं पारदर्शिता के महत्व पर बल दिया।मुख्य अतिथि श्री व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि “विक्रेता किसी भी संस्था की प्रगति के सशक्त स्तंभ होते हैं।” पारदर्शिता, गुणवत्ता और आपसी विश्वास के माध्यम से ही दामोदर घाटी निगम एवं विक्रेताओं के मध्य दीर्घकालिक सहयोग संभव है। उन्होंने सभी विक्रेताओं से नवाचार, समयबद्ध आपूर्ति एवं उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। आगे उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों से संगठन और विक्रेताओं के बीच संवाद एवं साझेदारी को नई दिशा मिलती है, जो राष्ट्र के औद्योगिक विकास में सार्थक योगदान प्रदान करेगी।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ उप महाप्रबंधक श्री ऋषिकेश कुमार, श्री श्रीकांत गेडाला, श्रीमती सौमिता रॉय एवं प्रबंधक श्रीमती सोमा दास ने सहयोग किया। तत्पश्चात संविदा एवं सामग्री विभाग के उप महाप्रबंधक (यांत्रिक) श्री ऋषिकेश कुमार ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर तथा गुलाब का फूल भेंट कर मंच पर स्वागत किया और स्वागत भाषण दिया।सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025 के ध्यानागत वरिष्ठ प्रबंधक (सतर्कता) श्री विवेक कुमार सिन्हा ने उपस्थितजनों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। हिंदी अधिकारी श्री इस्माईल मियाँ ने अपनी प्रासंगिक शायरी के माध्यम से कार्यक्रम का संचालन किया।संविदा एवं सामग्री विभाग, डीएसटीपीएस की टीम — वरिष्ठ प्रबंधक श्री सौकत सरकार, श्री कौशिक मुखर्जी एवं श्री पार्थो मुखोपाध्याय, प्रबंधक श्री देब माल्या साहा तथा श्रीमती सोमा दास — ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विक्रेता और आपूर्ति प्रबंधन में सतर्कता एवं ईमानदारीपूर्वक उच्चतम मानकों के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लिया, जिसका उद्देश्य सभी स्तरों पर नैतिक प्रथाओं की संस्कृति को प्रोत्साहित करना था।वेंडर मीट में विभिन्न कंपनियों के 40 से अधिक विक्रेताओं ने सक्रिय भागीदारी की, जो डीवीसी–डीएसटीपीएस के साथ सहयोग की भावना में अपने समर्पण को दर्शाता है। इसके अतिरिक्त, डीएसटीपीएस के विभिन्न अनुभागों के अनुभागाध्यक्षों एवं कार्यालय प्रमुखों सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उपस्थिति दर्ज की।अंत में, राष्ट्रगान की प्रस्तुति ने प्रत्येक हृदय में देशभक्ति, एकता और गर्व की भावना जागृत कर दी।कार्यक्रम का समापन उप महाप्रबंधक श्री ऋषिकेश कुमार द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?