विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्पबद्ध हुआ ईसीएल
सांकतोडिया (अमन राय): पर्यावरण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने के लिए 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत सरकार के मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) तथा संयुक्त राष्ट्र के वार्षिक ध्येय - “प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रहार (Beat Plastic Pollution)” के साथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के मुख्यालय अवस्थित गाँधी उद्यान में जनजागरूकता-सह-नवपौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महत् कार्यक्रम का आयोजन ईसीएल के निदेशक (वित्त) मो. अंज़ार आलम एवं निदेशक (तकनीकी) योजना एवं परियोजना श्री नीलेंदु कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
निदेशक (वित्त) ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का आगाज करते हुए सभी से नवपौध रोपण करने की अपील की और सभी ने मिलकर नवपौध रोपण किया। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव सजग रहने वाले हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर सभी उपस्थित व्यक्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात उन्होंने, भारत सरकार व संयुक्त राष्ट्र के अनुरूप सभी को पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन और विकास के साथ-साथ मिशन लाइफ की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के अगले पड़ाव में, ईसीएल के महाप्रबंधक (पर्यावरण एवं वन) श्री मृत्युंजय कुमार ने पर्यावरण संरक्षण में ईसीएल के योगदान व प्रयासों का संक्षिप्त परिचय दिया। तत्पश्चात्, कोल इंडिया के अध्यक्ष महोदय का संदेश का वाचन श्री मदन मोहन कुमार, महाप्रबंधक (समन्वय)/सीएमडी ईसीएल के तकनीकी सचिव द्वारा किया गया।
निदेशक (वित्त) महोदय ने ईसीएल परिवार को संदेश दिया कि दैनिक जीवन में प्लास्टिक के हानिकारक प्रभावों से कैंसर जैसी बीमारियां हो रही हैं। प्लास्टिक का प्रयोग यथासाध्य कम करना चाहिए। पेपर बैग और जूट बैग जैसी वैकल्पिक सतत सामग्रियों का उपयोग करना चाहिए और दूसरों को ऐसा करने के लिए प्रेरित भी करना चाहिए। उन्होंने वृक्षारोपण करने पर जोर दिया।
वहीं, निदेशक (तकनीकी) योजना एवं परियोजनाओं ने सभा को संबोधित करते हुए सभी को जीव, जीवन और जगत में मिशन लाइफ की परिकल्पना के अनुपालन हेतु प्रेरित किया, साथ ही गुणात्मक आधार पर आंकलन कर भूत, वर्तमान एवं भविष्य की पर्यावरण स्थितियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक इंसान अपने जीवनकाल में ज्यादा से ज्यादा पेड़ लागाए, साथ ही पेड़ों का संरक्षण भी करें तो मानव जीवन सदैव सुखमय रहेगा।
पर्यावरण विभाग ने विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित स्वच्छता अभियान, बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और ईसीएल कर्मचारियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता जैसे विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ईसीएल के निदेशकगणों द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों के बीच 500 पौधों का वितरण किया गया, जो पर्यावरण को हरा-भरा करने और एक स्थायी पारिस्थितिकी तंत्र को प्रोत्साहित करने के महत्व पर जोर देता है । इस अवसर पर ईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में भी कायक्रमों का आयोजन किया गया।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?