डीवीसी डीएसटीपीएस में हिंदी पखवाड़ा का शुभारंभ
*अंडाल(अमन राय ): दामोदर घाटी निगम, दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र, अंडाल में हिंदी दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। मौके पर हिंदी पखवाड़ा वर्ष 2022 का शुभारंभ भी हुआ जो कि 29 सितंबर, 2022 को कवि गोष्टी-सह-पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न होगा। राजभाषा कार्यानवायन उप समिति, डीएसटीपीएस के तत्वावधान में आयोजित हिंदी दिवस-सह- हिंदी पखवाड़ा के शुभारंभ का उद्घाटन मुख्य अभियंता एवं परियोजना प्रधान श्री सुनील प्रसाद, मुख्य अभियंता श्री मनोज कुमार ठाकुर, मुख्य अभियंता श्री संजय कुमार, उप मुख्य अभियंता श्री शिवानंद सिंह, श्री अक्षय कुमार, श्री शुभमय मुखर्जी, श्री पुलकेश चट्टोपाध्याय, श्री मलय पात्रा आदि ने संयुक्त रूप से सद्भावना मंगल दीप प्रज्वलित किया । तदुपरांत परियोजना प्रधान श्री प्रसाद ने उपस्थित मंडली से राजभाषा प्रतिज्ञा दिलवाई । इसके बाद डीएसटीपीएस से प्रकाशित पुस्तिका ‘राजभाषा कार्यान्वयन : एक झलक’ का विमोचन किया गया । हिंदी दिवस के अवसर पर दामोदर घाटी निगम के अध्यक्ष महोदय के संदेश तथा डीएसटीपीएस के परियोजना प्रधान महोदय के संदेश का क्रम से मुख्य अभियंता श्री मनोज कुमार ठाकुर और उप मुख्य अभियंता श्री शिवानंद सिंह द्वारा पाठन किया गया।
अभिव्यक्ति : समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रधान श्री प्रसाद ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ व्यक्त की और हिंदी पखवाड़े की सफलता की कामना की। आगे उन्होंने कहा कि हिंदी सदियों से भारतीय संस्कृति की संवाहिका रही है। हिंदी राष्ट्र की एकता, अखण्डता और गरिमा का प्रतीक बन गयी है। देश के प्रत्येक अंचल में हिंदी सरलता से समझी जाती है। यह अन्य भाषाओं की तुलना में सरल है, इसमें शब्दों का प्रयोग तर्कपूर्ण है। इनकी लिपि वैज्ञानिक है और सुबोध है, जैसे बोली जाती है वैसे ही लिखी जाती है। परियोजना के सभी अधिकारी और कर्मचारी हिंदी के प्रयोग और प्रसार की दिशा में प्रयत्नशील हैं। इसके लिए उन्होंने सब को हार्दिक बधाई दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुरोध किया कि वे अपना कार्यालयीन कार्य अधिक से अधिक हिंदी में करें तथा वर्ष 2022 के अपने राजभाषा ध्येय - ‘आइए हम सब आगे बढ़ें, हिंदी बोलें, लिखें और पढ़ें’ को चरितार्थ करते हुए निगम एवं राष्ट्रीय स्तर पर कार्यान्वयन के क्षेत्र में डीएसटीपीएस की एक विशेष पहचान स्थापित करने में अपनी महती भागीदारी निभाएँ। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अभियंता श्री संजय कुमार ने कहा कि भाषा विचारों की अभिव्यक्ति की माध्यम होती है । हम अपनी भावनाओं को अपनी मूल भाषा में ही सही-सही अभिव्यक्त कर पाते हैं । मौके पर मुख्य अभियंता मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि भाषा का संबंध आत्मसम्मान से है । इतिहास गवाह है कि भारत विविधता में एक है जिसे हिंदी ने ही एक सूत्र में बांधने का काम किया है ।
सी व एम के वरिष्ठ प्रभागीय अभियंता श्री राहुल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया । कार्यक्रम को परियोजना के हिंदी अधिकारी इस्माईल मियां ने संचालित किया और अंत में अपनी कविता ‘संस्कृति की नायाब धरोहर, देश का है यश-गौरव गान, अद्भुत सुगंध सामर्थ्य लिए फैलता ग्लोबल मान-सम्मान, हिंदी है वही वतन हिंदुस्तान’ को प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम को समाप्त घोषित किया. उपस्थिति समारोह में उप मुख्य अभियंता डीवी राजन, अधीक्षण अभियंता रिजवान अर्सद, एसडीई जीतेन्द्र रजक, संयुक्त निदेशक सुमित चक्रवर्ती, प्रदीप कुमार सहित अधिकाधिक संख्या में अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।
अगला कार्यक्रम : आगामी दिनांक 19 को परियोजना के हिंदीतर और हिंदी भाषी वर्ग हेतु अलग-अलग मूल्यांकन के साथ सस्वर हिंदी कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन प्लांट के प्रशिक्षण हॉल में किया गया है । इसके बाद प्रशासनिक,तकनीकी शब्द लेखन, हिंदी आशुभाषण, हिंदी सुलेख, हिंदी टिप्पण व मसौदा लेखन तथा हिंदी में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन क्रम से 20, 21, 22 व 26 सितंबर, 2022 को किया गया है।

Click Here to Visit
What's Your Reaction?