इस्को स्टील प्लांट में सेल के पहले फ्लोटिंग सोलर प्लांट का उद्घाटन

इस्को स्टील प्लांट में सेल के पहले फ्लोटिंग सोलर प्लांट का उद्घाटन

आसनसोल : इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी), बर्नपुर में सेल के पहले फ्लोटिंग सोलर प्लांट का उद्घाटन निदेशक प्रभारी (बर्नपुर और दुर्गापुर स्टील प्लांट) बी. पी. सिंह द्वारा किया गया। 4 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाला यह फ्लोटिंग सोलर फोटोवोल्टिक सिस्टम आईएसपी के ग्रीन एनेर्जी उत्पादन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।लगभग 4 मेगावाट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन करने की संयंत्र की क्षमता आईएसपी के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण सुधार लाएगी। फ्लोटिंग सोलर पैनल की डिज़ाइन के कई लाभ हैं, जैसे कि इसकी उच्च दक्षता, जल बचाव एवं ऊर्जा बचत। फ्लोटिंग सोलर प्लांट आईएसपी के कार्बन उत्सर्जन को प्रति वर्ष लगभग 5452 टन कम करेगा।इस अवसर पर श्री सिंह ने सभी संबद्ध कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि सूर्य की शक्ति का उपयोग करके, यह संयंत्र स्वच्छ, नवीकरणीय ऊर्जा उत्पन्न करने के साथ जीवाश्म ईंधन पर हमारी निर्भरता और हमारे कार्बन पदचिह्न को भी कम करेगा। यह अत्याधुनिक सिस्टम न केवल पूरे इस्पात उद्योग की पहली फ्लोटिंग सोलर परियोजना है, बल्कि पूरे भारत में किसी भी विनिर्माण उद्योग में अपनी तरह की पहली परियोजना है। इस पहल ने सेल के अन्य इस्पात संयंत्रों के लिए भी इसी तरह की परियोजनाएं शुरू करने का मार्ग प्रशस्त किया है। इस परियोजना की संकल्पना, डिजाइन, इंजीनियरिंग और कार्यान्वयन आईएसपी के परियोजना एवं डिजाइन विभाग, विद्युत वितरण विभाग,केंद्रीय विद्युत विभाग और इलेक्ट्रो टेक्निकल लेबोरेटरी (ईटीएल) के पावर विंग द्वारा, जल प्रबंधन विभाग (डब्ल्यूएमडी) के सहयोग से, इन-हाउस किया गया है। परियोजना मेसर्स क्वांट सोलर को सौंपी गई और काम जुलाई 2022 को शुरू हुआ। इस संयंत्र से वाणिज्यिक लाभ मार्च 2024 से प्राप्त किया जा रहा है।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0