कुनुस्तोड़िया क्षेत्र की त्रैमासिक बुलेटिन समृद्धि के नवीन अंक का विमोचन

कुनुस्तोड़िया क्षेत्र की त्रैमासिक बुलेटिन समृद्धि के नवीन अंक का विमोचन

जमुड़िया(अमन राय) ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र से प्रकाशित होने वाली त्रैमासिक बुलेटिन 'समृद्धि' के नवीन अंक का विमोचन आज (28/07/2023 को) क्षेत्रीय कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया गया। उक्त विमोचन क्षेत्रीय महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विभागाध्यक्ष (एएमपीसीडी) श्री पी. के. नंदी, क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक श्री राजेश त्रिवेदी, क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक श्री देबदीप चटर्जी, क्षेत्रीय गुणवत्ता अधिकारी श्री माधब बंद्योपाध्याय, क्षेत्रीय भू संरक्षा अधिकारी श्री अपरूप दास, उप प्रबंधक (खनन) श्री शंकर सिंदरी, सहायक प्रबंधक (प्रणाली) श्री अंजन कुमार के करकमलों से किया गया। इनके साथ, बुलेटिन विमोचन कार्यक्रम में यूनियन प्रतिनिधि की भी उपस्थिति रही। उल्लेखनीय है कि बीते तीन महीनों के दौरान क्षेत्र में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियों को तस्वीर सहित बुलेटिन के रूप में दर्शाने वाला त्रैमासिक बुलेटिन 'समृद्धि' का यह वित्त-वर्ष 2023-24 का पहला अंक (अप्रैल-जून, 2023) है। इस मौक़े पर महाप्रबंधक श्री सिन्हा ने 'समृद्धि' के प्रकाशन से जुड़े सभी कर्मियों को साधुवाद देते हुए इसके निरंतर व अबाध प्रकाशन की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रकाशन से क्षेत्र में पिछले तीन महीनों में हुई महत्वपूर्ण गतिविधियाँ एक बार पुनः समेकित रूप से आँखों के सामने आ जाती हैं और क्षेत्र से बाहर के लोगों के लिए क्षेत्र की गतिविधियों को जानने के सशक्त मंच के रूप में 'समृद्धि' अपनी भूमिका स्थापित करती है। उन्होंने आगे कहा कि किसी भी संस्था या प्रतिष्ठान का बुलेटिन वह साक्ष्य होता है जो उस संस्था या प्रतिष्ठान की प्रगति-यात्रा की प्रतिपल गवाही देता है और लिखित दस्तावेज़ के रूप में स्थापित होता है। इस क्रम में उन्होंने कहा कि कुनुस्तोड़िया क्षेत्र की विकास-यात्रा की गवाही 'समृद्धि' नामक यह बुलेटिन सदैव देता रहे यही कामना है। साथ ही, उन्होंने उपस्थित सभी से आग्रह किया कि 'समृद्धि' को और अधिक समृद्ध करने में सम्मिलित प्रयास करें ताकि संस्थागत बुलेटिन के रूप में यह एक मानक स्थापित कर सके।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
1
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0