पद्मश्री पूनम सूरी का कल दुर्गापुर आगमन
दुर्गापुर : डीएवी कॉलेज प्रबंधकर्त्री समिति, नई दिल्ली के अध्यक्ष, एवं आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा, नई दिल्ली के प्रधान पद्मश्री पूनम सूरी, पत्नी मणि सूरी के साथ डीएवी मॉडल स्कूल, दुर्गापुर के दो दिवसीय स्वर्णजयंती समारोह में शामिल होने के लिए कल दुर्गापुर में पधार रहे हैं। वे कल संध्या समय एनआईटी, दुर्गापुर के सभागार में डीएवी संस्थान, पश्चिम बंगाल प्रक्षेत्र के लगभग पंद्रह सौ अध्यापिका-अध्यापकगण को संबोधित करेंगे। उनके साथ डॉ० निशा पेसिन, निदेशक, पब्लिक स्कूलस & अकादमी, डीएवी प्रबंधकर्त्री समिति, नई दिल्ली भी उपस्थित रहेंगी। इस अवसर पर डीएवी मॉडल स्कूल के प्रबंधन समिति के सभापति डॉ० एस के पाल, प्रबंधक एनके मोहंता सहित अन्य सदस्यगण, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यगण उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि डीएवी मॉडल स्कूल, दुर्गापुर की स्थापना वर्ष १९७५ में तीन कमरों और तीन शिक्षकों तथा तीस विद्यार्थियों को लेकर हुई थी। आज इस विद्यालय में लगभग छह हज़ार विद्यार्थी हैं, जिन्हें लगभग २५० शिक्षक अध्यापन करते हैं।
विद्यालय का स्वर्णजयंती उत्सव पिछले वर्ष से ही आरंभ हो गया था, जिसका समापन समारोह १० जनवरी, शनिवार को होगा। इस अवसर प्रात: २५१ कुंडीय हवन किया जाएगा, तत्पश्चात् पश्चिम बंगाल की विरासत की चित्र-प्रदर्शनी लगाई जाएगी, एवं संध्या समय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें पद्मश्री पूनम सूरी, मणि सूरी और निशा पेसिन मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी।
डीएवी मॉडल स्कूल की प्राचार्य एवं डीएवी संस्थान, पश्चिम बंगाल प्रक्षेत्र की क्षेत्रीय अधिकारी पापिया मुखर्जी ने हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि डीएवी मॉडल स्कूल दुर्गापुर का गौरव है। इस विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी न केवल देश में, बल्कि विदेश में भी अपना परचम लहरा रहे हैं। यहाँ विद्यार्थियों को वैदिक संस्कृति के साथ-साथ आधुनिक वैज्ञानिक शिक्षा एवं शैक्षणिक और सहशैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास की शिक्षा प्रदान की जाती है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?