डीवीसी डीएसटीपीएस में राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन
हिंदी एवं हिंदीतर भाषी अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

अंडाल : हिंदी दिवस/हिंदी पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत राजभाषा कार्यान्वयन उप-समिति, डीएसटीपीएस के तत्वावधान में दामोदर घाटी निगम, दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र में ‘राजभाषा प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन 09 सितंबर, 2026 को प्लांट स्थित प्रशिक्षण हॉल में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। यह हिंदी पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत आयोजित पाँचवीं एवं अंतिम प्रतियोगिता थी।प्रतियोगिता में राजभाषा हिंदी, कार्यालयीन शब्दावली, सामान्य ज्ञान एवं हिंदी भाषा से संबंधित विविध प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों के ज्ञान एवं भाषा-बोध की परख की गई। प्रतियोगिता श्री ऋषिकेश कुमार, उप महाप्रबंधक (यां.), बॉयलर एवं कोल मिल, एएचपी, डीएसटीपीएस, की निगरानी तथा श्री शुभाशीष गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता ग्रेड-I (वि.), पीजी, सी एंड एम, भंडार, डीएसटीपीएस, के वीक्षण में सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन करते हुए संयोजक श्री इस्माईल मियाँ, हिंदी अधिकारी ने अपने प्रेरणादायी कवितांश—“अक्षरों का ज्ञान हो और व्याकरण का मान हो, हिंदी हमारी शान है, इस पर हमें अभिमान हो।
शब्दों की इस प्रश्नोत्तरी में चलो अलख जगाएँ हम, अपनी राजभाषा का हर दिल में प्यार बढ़ाएँ हम।” के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर श्री अनिल कुमार जैन, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान ने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा होने के साथ-साथ कार्यस्थल पर आपसी संवाद एवं संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएँ हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हिंदी को अपने दैनिक कार्य-व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में डीवीसी, डीएसटीपीएस के वरिष्ठ प्रबंधक श्री दिलीप कुमार, मोहम्मद शमीम अहमद, प्रबंधक पत्रस हांसदा, श्रीमती प्रिया कुमारी रंजन, श्रीमती सायोनी भौमिक, श्रीमती सतरूपा मुखर्जी, मोहम्मद काशिफ रिजवी सहित हिंदीभाषी एवं हिंदीतर भाषी वर्गों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोनों वर्गों का मूल्यांकन पृथक-पृथक किया गया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं विशेष उत्साह देखने को मिला।
हिंदी पखवाड़ा–2026 के आगामी कार्यक्रमों के अंतर्गत हिंदी दिवस समारोह 14 सितंबर, 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे दिव्यज्योति भवन के सम्मेलन कक्ष (चतुर्थ तल) में आयोजित किया जाएगा। वहीं, 21 सितंबर, 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे ‘कवि गोष्ठी, पुरस्कार वितरण एवं हिंदी पखवाड़ा समापन समारोह’ का आयोजन दिव्यज्योति भवन के प्रशिक्षण कक्ष में किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से डीएसटीपीएस में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता, अभिरुचि एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों को निरंतर गति प्रदान की जा रही है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?