मकान मालिक को किराए पर मकान देना पड़ा भारी
आसनसोल,(अमन राय ): आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी सेंट्रल ध्रुव दास आईपीएस ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पुलिस ने पटना से नयन सिंह नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति पहले आसनसोल के कन्यापुर चौकी अंतर्गत गोविंदपुर गांव में किराएदार के रूप में रह रहा था। उस पर जबरन घर में घुसकर रहने, मकान मालिक से मारपीट करने और सोने की चेन छीनने का आरोप है। घटना की शुरुआत तब हुई जब नयन सिंह ने अजय देवनाथ के घर में किराए पर रहने के लिए जगह ली थी। जब अजय देवनाथ ने उसका परिचय पत्र मांगा, तो उसने इसे एक-दो दिन में देने का वादा किया। जब नयन सिंह ने परिचय पत्र नहीं दिया, तो अजय देवनाथ ने उसे घर खाली करने के लिए कहा और आखिरकार घर खाली करवा लिया। 21 अगस्त को नयन सिंह अपने दो साथियों के साथ जबरदस्ती अजय देवनाथ के घर में घुस गया। जब अजय देवनाथ और उनके माता-पिता ने विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। जाते-जाते नयन सिंह ने अजय देवनाथ की मां के गले से सोने की चेन भी छीन ली। पड़ोसियों के वहां पहुंचने पर नयन सिंह के साथियों ने बंदूक दिखाकर उन्हें डराया और फिर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नयन सिंह को पटना से गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी दो आरोपियों की तलाश अभी जारी है। डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई बंदूक अभी तक बरामद नहीं हुई है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह गिरोह बांकुड़ा में किसी दुकान की रेकी कर रहा था, और संभवतः वहां लूट की योजना बना रहे थे। लेकिन पुलिस ने समय रहते नयन सिंह को पकड़ लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। ध्रुव दास ने खुशी जताई कि पुलिस की जागरूकता मुहिम रंग ला रही है, और अजय देवनाथ जैसे सतर्क नागरिकों ने किराएदार के परिचय पत्र की मांग की, जिससे यह मामला उजागर हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि नयन सिंह को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसकी ट्रैक रिकार्ड की जांच कर रही है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?