डीएसटीपीएस डीवीसी में अधिकारी व कर्मचारी वर्गों हेतु राजभाषा तकनीकी कार्यशाला

डीएसटीपीएस डीवीसी में अधिकारी व कर्मचारी वर्गों हेतु राजभाषा तकनीकी कार्यशाला

अंडाल(अमन राय) : दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केन्द्र, डीवीसी,अंडाल में 18 फरवरी, 2024 को “राजभाषा हिंदी कार्यान्वयन के विविध पहलू और राभा तिमाही प्रगति रिपोर्ट का महत्त्व” विषयान्तर्गत एक पूर्ण दिवसीय राजभाषा तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विशेषकर प्रशासनिक कार्य से संबद्ध अधिकारियों/कर्मचारियों हेतु आयोजित की गयी थी जिसमें 36 (छत्तीस) प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।मुख्य महाप्रबंधक व परियोजना प्रधान श्री सुधीर कुमार झा, महाप्रबंधक (एफजीडी) श्री सुकदेव खाँ, उप महाप्रबंधक (मा.सं.) श्री अरिजीत मजुमदार व श्री शिवानन्द सिंह, प्रबन्धक श्रीमती पूनम यादव व श्रीमती प्रिया कुमारी रंजन ने संयुक्त रूप से मंगलदीप प्रज्ज्वलित किया। मौके पर प्रमुख अतिथि प्रवक्ता श्री नवीन कुमार प्रजापति, पूर्व वरिष्ठ सलाहकार एवं केन्द्र प्रभारी, केन्द्रीय अनुवाद ब्यूरो (कोलकाता), राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार को सम्मानित किया गया। परियोजना प्रधान श्री झा ने हिन्दी कार्यशाला के उद्देश्यों व विशेषताओं पर प्रकश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यशाला से कार्मिकों में कार्य करने की क्षमता व आत्म-निर्देशन का विकास होता है। आगे, उन्होंने सहभागियों से अपने-अपने कार्यस्थल पर राजभाषा कार्यान्वयन के लक्ष्य को हासिल करने की अपील की। हिंदी अधिकारी श्री इस्माईल मियाँ ने कार्याशाला में सबका स्वागत किया एवं कार्यक्रम को संचालित किया। कार्यशाला के प्रथम सत्र के दौरान ‘‘राजभाषा हिंदी कार्यान्वयन के विविध पहलू’’ पर श्री प्रजापति ने सविस्तार चर्चा की । उन्होंने ‘मैं कर सकता हूँ’, ‘खेल-खेल में हिन्दी अनुवाद करें’ तथा ‘राजभाषा हिन्दी में काम की शुरुआत कैसे करें’ को बखूबी प्रकशित किया। दूसरे सत्र में उन्होंने राजभाषा तिमाही प्रगति रिपोर्ट को भरने संबंधी अभ्यास भी कराया। कार्यशाला के प्रतिभागियों में राजभाषा कार्यान्वयन के प्रति बेहद उत्साह परिलक्षित हो रहा था। वे सभी बड़ी तन्मयता के साथ प्रशिक्षण ग्रहण किये। मुख्य प्रवक्ता श्री प्रजापति के हस्ताक्षर से सभी प्रतिभागियों को हिन्दी के समकालीन कहानीकारों की पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में, हिंदी अधिकारी श्री मियाँ के धन्यवाद ज्ञापन से कार्यक्रम समाप्त घोषित हुआ।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
1
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0