दुर्गापुर में 8 अगस्त से गूंजेगी श्रीमद् भागवत कथा की अमृत वाणी
दुर्गापुर (तारकेश्वर राय): शहर के बेनाचट्टी स्थित A/38 भगतसिंह नगर (गोसाईं नगर) में आगामी 8 अगस्त 2026, शनिवार से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और उल्लास का माहौल है। यह पावन धार्मिक अनुष्ठान श्रीमती ऊषा पाण्डेय एवं श्री आत्मा शंकर पाण्डेय के यजमानत्व में संपन्न होगा। आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कथा का समय प्रतिदिन अपराह्न 3:00 बजे से संध्या 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। भक्तों को कथा का रसास्वादन कराने के लिए प्रख्यात कथा व्यास पंडित श्री नारायण द्वारिका प्रसाद मिश्रा एवं पंडित श्री अखिलेश मिश्रा व्यास पीठ पर विराजमान होंगे। इसके साथ ही, सुप्रसिद्ध गायक धनंजय पाण्डेय अपनी मधुर वाणी और संगीत प्रस्तुति से भक्तिरस की त्रिवेणी बहाएंगे, जिससे पूरा वातावरण मंत्रमुग्ध हो जाएगा। 8 अगस्त (शनिवार) से श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ एवं 14 अगस्त (शुक्रवार) को सात दिवसीय कथा का विश्राम एवं समापन होगा। इसके अगले दिन 15 अगस्त (शनिवार) को महाप्रसाद भंडारे का आयोजन होगा और इसी दिन रात्रि में सुंदरकांड पाठ, आर्यवीर (कान्हा) जन्मोत्सव और पुनः भंडारे का भव्य आयोजन भी संपन्न होगा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जयप्रकाश तिवारी, कृष्णा कुमार पाण्डेय, वैभव कुमार पाण्डेय और नीरज कुमार पाण्डेय सहित समस्त पाण्डेय परिवार और स्थानीय गणमान्य लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। दुर्गापुर के बेनाचट्टी क्षेत्र में सनातन संस्कृति और धार्मिक अनुष्ठानों की यह श्रृंखला आपसी सौहार्द, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करती है। सावन के इस पवित्र परिवेश में आयोजित होने वाली यह भागवत कथा न केवल क्षेत्र के सनातन धर्मावलंबियों को एक सूत्र में पिरोएगी, बल्कि जन-जन के मन में भक्ति और सेवाभाव का संचार भी करेगी। भारी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः। सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद्दुःखभाग्भवेत्।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?