डीवीसी डीएसटीपीएस में राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह अभियान 2025 का सफल आयोजन

अंडाल : दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) के दुर्गापुर स्थित स्टील थर्मल पावर स्टेशन (डीएसटीपीएस),अंडाल में दिनांक 26 जून से 02 जुलाई 2025 तक “राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह अभियान–2025” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य डीएसटीपीएस के कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों के बीच विद्युत सुरक्षा के प्रति चेतना जागृत करना और विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करना था। इस कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर डीएसटीपीएस के वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख श्री राम प्रवेश साह, वरिष्ठ महाप्रबंधक (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) श्री सुधीर कुमार व्यास, महाप्रबंधक (सिविल एवं एचआर) श्री अरिजीत मजुमदार, महाप्रबंधक श्री एस.आर. पांडा, उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) श्री संदीप कर्मकार सहित सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सप्ताह भर चलने वाले इस जागरूकता अभियान की शुरुआत 26 जून को तकनीकी भवन परिसर में “राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह” बैज पहनाने एवं “सुरक्षा एवं स्वास्थ्य शपथ” के साथ हुई। इस दौरान “सुरक्षा सुझाव पेटिका” का लोकार्पण किया गया, जिसमें कर्मचारियों से सुरक्षा संबंधी सुझाव आमंत्रित किए गए। तत्पश्चात संविदा कर्मियों के लिए “विद्युत सुरक्षा” विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन भी किया गया। अभियान के अंतर्गत पूरे सप्ताह विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें प्रशिक्षण कार्यक्रम, अग्निशमन अभ्यास, मॉक ड्रिल तथा क्विज प्रतियोगिताएँ प्रमुख रहीं। 27 जून को एफजीडी (Flue Gas Desulphurization) क्षेत्र में विद्युत अग्नि से निपटने हेतु अग्निशमन अभ्यास किया गया तथा “कारखाना अधिनियम 1948” पर गहन प्रशिक्षण सत्र हुआ। 28 जून को सीएचपी (Coal Handling Plant) एवं फ्यूल विभाग के श्रमिकों के लिए अग्निशमन कक्षा आयोजित की गई, जबकि डीवीसी कर्मचारियों को “केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सुरक्षा) विनियम, 2022” से संबंधित नियमों की जानकारी दी गई। 30 जून को ट्रांसफॉर्मर यार्ड में अग्निशमन अभ्यास का आयोजन हुआ, जिसमें संविदा श्रमिकों के लिए एक रोचक क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई। 01 जुलाई को विभिन्न विभागों में अग्निशमन अभ्यास के साथ विद्युत सुरक्षा आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।02 जुलाई को प्रशासनिक भवन में “इवैक्यूएशन ड्रिल” के सफल आयोजन के साथ अभियान का समापन हुआ। इस अवसर पर डीएसटीपीएस के परियोजना प्रमुख श्री राम प्रवेश साह ने कर्मचारियों, अधिकारियों तथा CISF (Fire) विंग के जवानों की सराहना करते हुए “इवैक्यूएशन ड्रिल” को रिकॉर्ड समय में सफलता पूर्वक पूर्ण करने के लिए बधाई दी। उन्होंने सभी से सुरक्षा नियमों का सतत पालन करते हुए सजग एवं उत्तरदायी कार्य व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में CISF (Fire) विंग के उप कमांडेंट जनाब साहिल साहब ने जवानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का अनुपालन करना ही राष्ट्र सेवा का एक महत्वपूर्ण रूप है। कार्यक्रम के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस सप्ताह भर चलने वाले आयोजन के दौरान CISF (Fire) यूनिट द्वारा अग्निशमन कक्षाओं का संचालन किया गया और डीएसटीपीएस की सुरक्षा टीम द्वारा सभी मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की प्रभावी निगरानी की गई। प्रतिभागियों ने विद्युत सुरक्षा के प्रति गहरी समझ और जिम्मेदारी का परिचय दिया। इस पूरे आयोजन की रूपरेखा उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) श्री संदीप कर्मकार के मार्गदर्शन में तैयार की गई थी। समस्त गतिविधियाँ सुरक्षा अधिकारी श्री सूखेंदु मंडल, श्री रंजन कुमार (प्रबंधक, विद्युत सुरक्षा), कार्यपालक सुरक्षा अधिकारी श्री पी.के. सिंह एवं कार्यपालक अधिकारी श्री तनवीर अख्तर के समन्वय एवं निर्देशन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुईं। उनके अथक प्रयासों से “राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह अभियान–2025” को डीएसटीपीएस परिसर में अनुकरणीय एवं प्रभावशाली रूप में सम्पन्न किया जा सका।यह आयोजन डीएसटीपीएस, डीवीसी द्वारा कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल रही, जिसे सभी उपस्थितजनों ने सराहा। इसने न केवल कर्मचारियों और श्रमिकों में विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ किया, बल्कि जिम्मेदार एवं सुरक्षित कार्य प्रणाली की ओर एक ठोस कदम भी सिद्ध हुआ।

Click Here to Visit
What's Your Reaction?